उनियारा।
उनियारा तहसील के ग्राम पंचायत गोठड़ा में नवनिर्वाचित सरपंच जगदीश बैरवा का पदभार ग्रहण समारोह उत्साह और उल्लास के साथ आयोजित हुआ। इस अवसर पर पंचायत क्षेत्र के ग्रामीणों ने महिला-पुरुषों एवं युवाओं के साथ जुलूस निकालकर नवनिर्वाचित सरपंच का स्वागत किया। जुलूस में बड़ी संख्या में ग्रामीण शामिल हुए। इसके बाद ग्राम पंचायत कार्यालय में आयोजित समारोह में निवर्तमान सरपंच कीर्ति देवी शर्मा ने नवनिर्वाचित सरपंच जगदीश बैरवा को विधिवत कार्यभार सौंपा।
पदभार ग्रहण समारोह में उपसरपंच ब्रजमोहन गुर्जर, वार्ड पंच राजेश मीना, हेमराज जाट, महावीर जाट, अनोख देवी गुर्जर, कलावती शर्मा, संतोष देवी बैरवा, पूर्व उपप्रधान रामनिवास मीणा, रूपवास के पूर्व सरपंच छोटूलाल मीना, पूर्व पार्षद पुष्कर दत्त खींची, महेंद्र बैरवा एवं इमरान खान सहित कई जनप्रतिनिधि, कार्यकर्ता और गणमान्य नागरिक मौजूद रहे। समारोह में पंचायत क्षेत्र के विभिन्न गांवों से आए ग्रामीणों, महिलाओं और बच्चों ने भी भाग लिया।
इस अवसर पर नवनिर्वाचित सरपंच जगदीश बैरवा ने ग्रामीणों का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि ग्राम पंचायत की जनता ने उन्हें जो जिम्मेदारी सौंपी है, उसका पूरी निष्ठा और ईमानदारी से निर्वहन करेंगे। पंचायत क्षेत्र का सर्वांगीण विकास उनकी प्राथमिकता रहेगी। गांवों में सड़क, नाली, पेयजल, स्वच्छता और अन्य मूलभूत सुविधाओं से जुड़े कार्यों को प्राथमिकता के आधार पर करवाया जाएगा। उन्होंने कहा कि विकास कार्यों में किसी प्रकार का भेदभाव नहीं किया जाएगा तथा सभी वार्डों और गांवों को समान महत्व दिया जाएगा। पंचायत के विकास में ग्रामीणों, जनप्रतिनिधियों और युवाओं की भागीदारी सुनिश्चित की जाएगी। उन्होंने कहा कि ग्राम पंचायत के दरवाजे आमजन की समस्याओं के समाधान के लिए हमेशा खुले रहेंगे।
समारोह के दौरान ग्रामीणों ने नवनिर्वाचित सरपंच को शुभकामनाएं देते हुए पंचायत क्षेत्र के विकास की उम्मीद जताई।



