उनियारा।
शहर के सवाई माधोपुर रोड स्थित राजकीय महाविद्यालय उनियारा के सामने निर्धारित रोडवेज बस स्टॉपेज पर बस रोकने को लेकर हुए विवाद और महाविद्यालय के प्राचार्य के साथ कथित अभद्र व्यवहार का मामला तूल पकड़ता जा रहा है। मामले को लेकर नगर पालिका उनियारा के पार्षदों एवं जनप्रतिनिधियों ने एसडीएम कार्यालय पहुंचकर ज्ञापन सौंपा। इसमें पूरे घटनाक्रम की निष्पक्ष एवं उच्च स्तरीय जांच करवाकर दोषियों के खिलाफ कार्रवाई करने की मांग की गई। साथ ही भविष्य में ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति रोकने और निर्धारित स्टॉपेज पर रोडवेज बसों का नियमित ठहराव सुनिश्चित करवाने का आग्रह किया। ज्ञापन में बताया कि राजकीय महाविद्यालय उनियारा के सामने रोडवेज बसों का निर्धारित स्टॉपेज है। इस स्थान के आसपास पशु चिकित्सालय और जलदाय विभाग सहित कई महत्वपूर्ण सरकारी कार्यालय संचालित हैं। ऐसे में यह स्थान महाविद्यालय के विद्यार्थियों, कर्मचारियों और आमजन के आवागमन की दृष्टि से महत्वपूर्ण है। यहां रोडवेज बसों का निर्धारित स्थान पर ठहराव होना आवश्यक है, ताकि विद्यार्थियों और यात्रियों को आवागमन में परेशानी नहीं हो। ज्ञापन के अनुसार 21 नवंबर को सुबह करीब 10 बजे बारा डिपो की रोडवेज बस के चालक सत्यनारायण धोबी निवासी देई द्वारा निर्धारित स्टॉपेज पर बस रोकने को लेकर महाविद्यालय के प्राचार्य एवं सहायक आचार्य के साथ कथित रूप से अभद्र एवं अशोभनीय व्यवहार किया गया। इस दौरान दोनों पक्षों के बीच विवाद की स्थिति उत्पन्न हो गई। घटनाक्रम की जानकारी मिलने पर नजदीकी पुलिस थाने से पुलिसकर्मी मौके पर पहुंचे। महाविद्यालय प्रशासन का आरोप है कि पुलिसकर्मी ने पूरे मामले की जानकारी लिए बिना ही प्राचार्य से तू-तड़ाक की भाषा में बातचीत की। इसके बाद दोनों पक्षों को पुलिस थाने ले जाया गया।
पार्षदों ने कहा- सरकारी शिक्षण संस्थान के मुखिया के सम्मान का रखा जाए ध्यान
पार्षदों ने ज्ञापन में कहा कि महाविद्यालय के प्राचार्य के साथ इस प्रकार का व्यवहार होना गंभीर मामला है। इससे महाविद्यालय स्टाफ, विद्यार्थियों और क्षेत्र के जनप्रतिनिधियों में नाराजगी है। उन्होंने रोडवेज बस चालक और मौके पर पहुंचे पुलिसकर्मी की भूमिका की निष्पक्ष जांच करवाने, घटनाक्रम के सभी पहलुओं की पड़ताल करने तथा दोषी पाए जाने वालों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई करने की मांग की। साथ ही संबंधित परिवहन विभाग को निर्देश देकर महाविद्यालय के सामने निर्धारित स्टॉपेज पर रोडवेज बसों का नियमित ठहराव सुनिश्चित करवाने का आग्रह किया।
इस दौरान विकास समिति सदस्य एवं राजकीय महाविद्यालय उनियारा से जुड़े पिंटू साहू, पार्षद अभय सिंह शक्तावत, विजय महावर, हेमराज अकोदिया, मनोज पारीक, शंभू सेन, दीपक गुर्जर, अक्षय राज सिंह, जयदीप सिंह, चेतन शर्मा, सनी बैरागी, दिलकुश सैनी तथा पंचायत समिति सदस्य हेमंत सैनी सहित भाजपा पार्षद एवं कार्यकर्ता मौजूद रहे।
