उनियारा |
शादी की वर्षगांठ पर पति-पत्नी एक-दूसरे को उपहार देकर इस खास दिन को यादगार बनाते हैं, लेकिन उनियारा तहसील के बनेठा निवासी सपना जैन ने अपने पति दीपक कुमार जैन को ऐसा अनमोल उपहार दिया, जिसकी मिसाल लंबे समय तक याद रखी जाएगी। सपना जैन ने अपनी एक किडनी पति को दान कर उन्हें नया जीवन देने का प्रयास किया। पत्नी के इस त्याग और समर्पण ने वैवाहिक रिश्ते में प्रेम, विश्वास और निस्वार्थ भाव की अनूठी मिसाल पेश की है। जानकारी के अनुसार बनेठा निवासी दीपक कुमार जैन की दोनों किडनियां पिछले करीब छह महीनों से खराब थी। इसके कारण उन्हें नियमित रूप से डायलिसिस करवाना पड़ रहा था। लंबे समय से चल रहे उपचार के चलते दीपक कुमार जैन और उनका परिवार काफी कठिन दौर से गुजर रहा था। परिवार के सदस्य उनके स्वास्थ्य को लेकर चिंतित थे। ऐसे समय में पति की परेशानी को देखते हुए पत्नी सपना जैन ने उन्हें अपनी एक किडनी देने का निर्णय लिया।
सपना जैन का यह निर्णय आसान नहीं था, लेकिन पति को स्वस्थ जीवन देने की इच्छा और उनके प्रति प्रेम ने उन्हें इस साहसिक कदम के लिए प्रेरित किया। उन्होंने अपनी एक किडनी दान करने की सहमति दी और चिकित्सकीय प्रक्रिया के बाद किडनी प्रत्यारोपण करवाया गया। पत्नी के इस निर्णय से पति को नया जीवन मिलने की उम्मीद जगी है। एक ओर जहां दीपक कुमार जैन पिछले छह महीनों से डायलिसिस के सहारे जीवन गुजार रहे थे, वहीं दूसरी ओर सपना जैन ने अपनी किडनी देकर उनके जीवन में नई उम्मीद जगाई।
आमतौर पर शादी की वर्षगांठ पर पति-पत्नी एक-दूसरे को कपड़े, आभूषण या अन्य उपहार देते हैं, लेकिन सपना जैन ने अपने पति को ऐसा उपहार दिया, जिसे दुनिया का सबसे अनमोल उपहार कहा जा सकता है। उनका यह कदम केवल एक उपहार नहीं, बल्कि जीवनभर साथ निभाने की वैवाहिक प्रतिज्ञा को वास्तविक रूप देने जैसा है। सुख के दिनों में साथ चलना आसान होता है, लेकिन जीवन के कठिन दौर में अपने जीवनसाथी के लिए इस तरह का त्याग करना रिश्ते की गहराई को दर्शाता है।
सपना जैन के इस साहसिक निर्णय की बनेठा सहित आसपास के क्षेत्र में चर्चा हो रही है। क्षेत्रवासी उनके प्रेम, त्याग और समर्पण की सराहना कर रहे हैं। उनका यह कदम समाज को यह संदेश देता है कि सच्चा प्रेम केवल शब्दों और भावनाओं तक सीमित नहीं होता, बल्कि जरूरत पड़ने पर एक-दूसरे के जीवन का सहारा बनने में भी दिखाई देता है। शादी की वर्षगांठ पर सपना जैन ने पति को जो उपहार दिया, वह उनके जीवन की सबसे बड़ी सौगात बन गया।
