उनियारा।
क्षेत्र के बनेठा कस्बे में बंदरों के बढ़ते उत्पात से ग्रामीण परेशान हैं। हालात ऐसे हो गए हैं कि लोगों को अपने घरों और परिवार की सुरक्षा के लिए छतों पर लकड़ी लेकर पहरा देना पड़ रहा है। ग्रामीण दिन के समय छतों पर गश्त करते नजर आ रहे हैं, ताकि बंदरों को घरों में आने से रोका जा सके। बंदरों की लगातार आवाजाही से लोगों में भय का माहौल बना हुआ है। ग्रामीणों के अनुसार बंदरों के झुंड आए दिन घरों की छतों पर पहुंच जाते हैं और एक छत से दूसरी छत पर उछल-कूद करते रहते हैं। इससे घरों में रहने वाले बच्चों और बुजुर्गों की सुरक्षा को लेकर परिजनों की चिंता बढ़ गई है। ग्रामीणों को आशंका रहती है कि कहीं बंदर बच्चों या बुजुर्गों पर हमला नहीं कर दें। इसी डर के चलते लोग घरों की छतों पर लकड़ी लेकर पहरा देने को मजबूर हैं।
ग्रामीणों का कहना है कि बंदरों के उत्पात के कारण घरों में सामान्य रूप से रहना भी मुश्किल हो रहा है। छतों पर जाने और घरेलू कामकाज के दौरान भी लोगों को सतर्क रहना पड़ता है। परिवार के सदस्यों को अकेले छत पर जाने से रोकना पड़ रहा है। बंदरों के डर से बच्चों की सुरक्षा को लेकर विशेष सावधानी बरतनी पड़ रही है।
ग्रामीणों ने वन विभाग और प्रशासन से बंदरों को पकड़ने के लिए शीघ्र टीम भेजने तथा समस्या का स्थायी समाधान करवाने की मांग की है। उनका कहना है कि जब ग्रामीणों को अपनी सुरक्षा के लिए छतों पर पहरा देना पड़ रहा है तो विभाग को मामले को गंभीरता से लेते हुए जल्द कार्रवाई करनी चाहिए। ग्रामीणों ने चेतावनी दी है कि समय रहते समस्या का समाधान नहीं हुआ तो किसी दिन बड़ी घटना हो सकती है।

