उनियारा
उपखंड क्षेत्र के किसानों की जीवनरेखा माने जाने वाले गलवा बांध की मुख्य नहर का पानी आखिरकार 39 किलोमीटर का सफर तय कर सवाई माधोपुर जिले के पावडेरा गांव तक पहुंच गया है। पावडेरा गांव मुख्य नहर का अंतिम छोर (टेल) है। यहां तक पानी पहुंचने से उनियारा तहसील सहित सवाई माधोपुर जिले के नहर क्षेत्र के 36 गांवों के किसानों ने राहत की सांस ली है। लंबे समय से सिंचाई के पानी का इंतजार कर रहे किसानों के लिए यह बड़ी खुशखबर है। जल संसाधन विभाग के सहायक अभियंता राजेश कुमार गुर्जर ने बताया कि रबी की फसलों की सिंचाई के लिए गलवा बांध से 15 नवंबर को नहरों में पानी छोड़ा गया था। इसके बाद विभागीय अधिकारियों की निगरानी में जल प्रवाह को सुचारू बनाए रखने के प्रयास किए गए। मुख्य नहर की विभागीय कर्मचारियों की नियमित निगरानी के चलते पानी बिना किसी बड़ी बाधा के 39 किलोमीटर की दूरी तय कर पावडेरा गांव स्थित अंतिम टेल तक पहुंच गया। इससे नहर के शुरुआती क्षेत्र से लेकर अंतिम छोर तक के किसानों को सिंचाई के लिए पानी मिलने का रास्ता सुगम हुआ है।
36 गांवों की 13,391 हेक्टेयर भूमि होगी सिंचित
सहायक अभियंता राजेश कुमार गुर्जर ने बताया कि गलवा बांध की 39 किलोमीटर लंबी मुख्य नहर और इससे जुड़े करीब 107 किलोमीटर लंबे माइनर एवं वितरिका तंत्र से कुल 36 गांवों की कृषि भूमि को सिंचाई का लाभ मिलेगा। इसमें उनियारा तहसील के 35 गांव तथा सवाई माधोपुर जिले का एक गांव शामिल है। इस सिंचाई तंत्र से करीब 13,391 हेक्टेयर कृषि भूमि लाभान्वित होगी।
गेहूं, सरसों और चने की फसलों को मिलेगा फायदा
वर्तमान में क्षेत्र में रबी की प्रमुख फसलों गेहूं, सरसों और चने की बुवाई का कार्य चल रहा है। ऐसे में नहर का पानी समय पर अंतिम छोर तक पहुंचने से किसानों को खेतों में पलेवा और फसलों की सिंचाई करने में सुविधा मिलेगी। विशेष रूप से टेल क्षेत्र के किसानों को पानी पहुंचने से बड़ी राहत मिली है। समय पर सिंचाई होने से फसलों की अच्छी बढ़वार और बेहतर उत्पादन की उम्मीद है। किसानों का कहना है कि नहर की नियमित सफाई और विभागीय अधिकारियों की निगरानी से इस बार पानी अंतिम छोर तक पहुंच पाया है।