उनियारा
रबी सीजन में फसलों की सिंचाई को लेकर गलवानिया बांध के कमांड क्षेत्र के किसानों के लिए राहत भरी खबर है। बुधवार को जल वितरण समिति की बैठक में लिए गए निर्णय के बाद बांध की दोनों नहरों में जल प्रवाह शुरू कर दिया गया। दोपहर 12:15 बजे नहरों में पानी छोड़ा गया। इससे बांध के कमांड क्षेत्र में आने वाले 2257 हेक्टेयर कृषि क्षेत्र में रबी फसलों की सिंचाई हो सकेगी। नहरों में पानी पहुंचने से किसानों को आगामी दिनों में फसलों की सिंचाई के लिए सुविधा मिलेगी।
रबी सीजन में सिंचाई के लिए पानी की उपलब्धता और जल वितरण व्यवस्था निर्धारित करने के उद्देश्य से बुधवार सुबह 11 बजे गलवानिया बांध स्थल पर जल वितरण समिति की बैठक आयोजित की गई। जिला कलेक्टर के निर्देशानुसार एसडीएम सुमन गुर्जर की अध्यक्षता में हुई बैठक में जल उपयोक्ता संगम के अध्यक्षों सहित क्षेत्र के किसानों ने भाग लिया। बैठक में बांध में उपलब्ध जलभराव की स्थिति, नहरों से सिंचित होने वाले क्षेत्र तथा उपलब्ध पानी के उचित वितरण को लेकर चर्चा की गई। किसानों और जल उपयोक्ता संगम के अध्यक्षों से विचार-विमर्श के बाद सर्वसम्मति से बांध की दोनों नहरें खोलने का निर्णय लिया गया। इसके बाद दोपहर 12:15 बजे दोनों नहरों में पानी छोड़कर जल प्रवाह शुरू कर दिया गया।
14 फीट है बांध की भराव क्षमता
जल संसाधन विभाग के सहायक अभियंता राजेश कुमार गुर्जर ने बैठक में बांध की जल स्थिति की जानकारी देते हुए बताया कि गलवानिया बांध की कुल भराव क्षमता 14 फीट है। इसमें 12.53 एमसीएम पानी संग्रहित किया जा सकता है। वर्तमान में बांध में 11 फीट 6 इंच पानी उपलब्ध है। इसी जलभराव को ध्यान में रखते हुए रबी सीजन की सिंचाई के लिए दोनों नहरें खोलने का निर्णय लिया गया है। उन्होंने बताया कि बांध से जुड़ी दोनों नहरों की कुल लंबाई 20.85 किलोमीटर है। इनके माध्यम से 2257 हेक्टेयर कमांड क्षेत्र में सिंचाई की सुविधा उपलब्ध कराई जाती है। नहरों में जल प्रवाह शुरू होने से इस क्षेत्र के किसानों को गेहूं, सरसों, चना सहित अन्य रबी फसलों की सिंचाई में राहत मिलेगी।
टेल तक पानी पहुंचाने के लिए किसानों से मांगा सहयोग
नहरों में पानी छोड़ने के साथ ही जल संसाधन विभाग के अधिकारियों ने किसानों से उपलब्ध पानी का सावधानीपूर्वक उपयोग करने की अपील की है। सहायक अभियंता राजेश कुमार गुर्जर ने कहा कि बांध में उपलब्ध पानी सीमित है। ऐसे में सभी किसानों की जिम्मेदारी है कि वे सिंचाई के दौरान पानी की बर्बादी नहीं करें और निर्धारित व्यवस्था के अनुसार ही पानी का उपयोग करें। उन्होंने नहरों में अवरोध उत्पन्न नहीं करने, अपनी बारी से पहले पानी नहीं लेने तथा ओड़ा करने से बचने की अपील की।
उन्होंने कहा कि जल वितरण व्यवस्था तभी सफल होगी, जब सभी किसान आपसी सहयोग बनाए रखेंगे। नहरों में अनावश्यक अवरोध और पानी की बर्बादी होने से अंतिम छोर पर स्थित खेतों तक पर्याप्त पानी पहुंचने में परेशानी हो सकती है। इसलिए किसानों को चाहिए कि वे अपनी निर्धारित बारी के अनुसार ही सिंचाई करें, जिससे कमांड क्षेत्र के प्रत्येक किसान को पानी का लाभ मिल सके। विशेष रूप से नहरों के अंतिम छोर यानी टेल पर स्थित खेतों तक पानी पहुंचाना विभाग की प्राथमिकता है, जिसमें किसानों का सहयोग जरूरी है।
इस दौरान एसडीएम सुमन गुर्जर, जल संसाधन विभाग के सहायक अभियंता राजेश कुमार गुर्जर, कनिष्ठ अभियंता गजानंद गुर्जर, जल उपयोक्ता संगम के अध्यक्ष बद्रीलाल सहित क्षेत्र के किसान मौजूद रहे।
