उनियारा
आगामी रबी सीजन की फसलों में सिंचाई के लिए किसानों को पानी उपलब्ध करवाने तथा जल वितरण की व्यवस्था निर्धारित करने को लेकर 18 नवंबर को गलवानिया बांध जल वितरण समिति की बैठक आयोजित की जाएगी। जिला कलेक्टर की अध्यक्षता में होने वाली यह बैठक सुबह 11 बजे गलवानिया बांध स्थल पर संपन्न होगी। बैठक में जल संसाधन विभाग के अधिकारी, जनप्रतिनिधि एवं जल वितरण समिति के सदस्य शामिल होंगे। इसमें बांध में उपलब्ध पानी की मात्रा, सिंचाई की आवश्यकता तथा नहरों के माध्यम से किसानों को पानी देने की व्यवस्था पर विस्तार से चर्चा कर निर्णय लिया जाएगा।
जल संसाधन विभाग के सहायक अभियंता राजेश कुमार गुर्जर ने बताया कि गलवानिया बांध की कुल भराव क्षमता 14 फीट तथा 12.53 एमसीएम है। वर्तमान में बांध में 11 फीट 6 इंच पानी उपलब्ध है। ऐसे में आगामी रबी सीजन के दौरान किसानों को सिंचाई के लिए उपलब्ध जल का नियोजन करना महत्वपूर्ण माना जा रहा है। बैठक में उपलब्ध जलराशि के आधार पर सिंचाई के लिए पानी छोड़ने का कार्यक्रम और जल वितरण का समय निर्धारित किया जा सकता है।
जल संसाधन विभाग के सहायक अभियंता राजेश कुमार गुर्जर ने बताया कि गलवानिया बांध से जुड़ी नहरों की कुल लंबाई 20.85 किलोमीटर है। इन नहरों के माध्यम से करीब 2,257 हेक्टेयर कमांड एरिया में सिंचाई सुविधा उपलब्ध कराई जाती है। बांध के पानी पर क्षेत्र के बड़ी संख्या में किसान रबी सीजन की फसलों की सिंचाई के लिए निर्भर रहते हैं।
बैठक में किसानों की जरूरतों और उपलब्ध जल संसाधनों को ध्यान में रखते हुए जल वितरण की रूपरेखा तैयार की जाएगी, ताकि निर्धारित कमांड क्षेत्र के किसानों को व्यवस्थित तरीके से सिंचाई के लिए पानी मिल सके। किसानों को भी बैठक से रबी फसलों की सिंचाई को लेकर महत्वपूर्ण निर्णय होने की उम्मीद है।