उनियारा
उनियारा क्षेत्र के किसानों के लिए राहत और खुशखबरी की खबर है। लंबे समय से गलवा बांध की नहर में पानी आने का इंतजार कर रहे किसानों को अब रबी की फसलों की सिंचाई के लिए पानी उपलब्ध हो सकेगा। गुरुवार को जल संसाधन विभाग की ओर से विधिवत पूजा-अर्चना के बाद सुबह 11:15 बजे गलवा बांध की नहरों को सिंचाई के लिए खोल दिया गया। नहर में पानी का प्रवाह शुरू होते ही क्षेत्र के किसानों में खुशी की लहर दौड़ गई। इस वर्ष गलवा बांध की नहरों से करीब 13 हजार 391 हेक्टेयर कृषि भूमि में सिंचाई का लक्ष्य निर्धारित किया गया है। इससे उनियारा क्षेत्र सहित सवाई माधोपुर जिले के एक गांव समेत कुल 36 गांवों के किसानों को सीधा लाभ मिलेगा।
नहर खोलने के दौरान जल संसाधन विभाग के सहायक अभियंता राजेश कुमार गुर्जर एवं कनिष्ठ अभियंता गजानंद गुर्जर ने विधिवत पूजा-अर्चना कर नहर में पानी प्रवाहित किया। इस दौरान पंछी पटवा, जल उपयोक्ता संगम के अध्यक्ष, विभागीय कर्मचारी एवं क्षेत्र के किसान मौजूद रहे। अधिकारियों ने नहर में पानी छोड़ने के साथ ही जल वितरण व्यवस्था का जायजा लिया और किसानों को निर्धारित नियमों के अनुसार पानी का उपयोग करने की अपील की। नहर में पानी पहुंचने से अब किसानों को खेतों में खड़ी रबी की फसलों की समय पर सिंचाई करने में सुविधा मिलेगी। किसानों को उम्मीद है कि पर्याप्त पानी मिलने से गेहूं, सरसों, चना सहित अन्य रबी फसलों की पैदावार बेहतर होगी।
जल वितरण समिति की बैठक में लिया था नहर खोलने का निर्णय
गौरतलब है कि गलवा बांध की नहर खोलने तथा किसानों को सिंचाई के लिए पानी उपलब्ध करवाने को लेकर गत 29 अक्टूबर को कृषि मंडी परिसर में जल वितरण समिति की महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई थी। संभागीय आयुक्त शक्ति सिंह राठौड़ की अध्यक्षता में हुई बैठक में जिला कलेक्टर, जल संसाधन विभाग के अधिकारियों एवं किसानों ने भाग लिया था। बैठक में बांध में उपलब्ध पानी, नहरों की स्थिति, सिंचाई की आवश्यकता तथा जल वितरण व्यवस्था को लेकर विस्तार से चर्चा की गई थी। किसानों की मांग और सर्वसम्मति के आधार पर गुरुवार को नहर खोलने का निर्णय लिया गया था। इसी निर्णय की पालना में विभाग ने निर्धारित समय पर नहरों में पानी प्रवाहित कर दिया।
बांध में 18 फीट 5 इंच पानी उपलब्ध
जल संसाधन विभाग के सहायक अभियंता राजेश कुमार गुर्जर ने बताया कि वर्तमान में गलवा बांध में 18 फीट 5 इंच पानी उपलब्ध है। इसमें से पेयजल की आवश्यकता को ध्यान में रखते हुए जलदाय विभाग के लिए 7 फीट पानी आरक्षित रखा जाएगा। शेष उपलब्ध पानी का उपयोग किसानों की मांग एवं आवश्यकता के अनुसार सिंचाई के लिए किया जाएगा। विभाग की ओर से निर्धारित जल वितरण कार्यक्रम के अनुसार नहरों में पानी छोड़ा जाएगा, ताकि सभी किसानों को उनकी आवश्यकता के अनुसार पानी मिल सके। उन्होंने बताया कि नहर तंत्र की कुल लंबाई करीब 107 किलोमीटर है। इसके माध्यम से विभिन्न गांवों की कृषि भूमि तक पानी पहुंचाया जाएगा। विभाग का प्रयास रहेगा कि नहर के अंतिम छोर यानी टेल तक बैठे किसानों को भी निर्धारित व्यवस्था के अनुसार सिंचाई का पानी उपलब्ध हो।
36 गांवों के किसानों को मिलेगा सिंचाई का लाभ
गलवा बांध की नहरों से उनियारी, उनियारा, खेलनियां, विजयगढ़, डाबला, बालीथल, कुंडिया, देवरी, खोहल्या, बरूधन, परवन, सहादतनगर, बड़ोदिया, बाजोलिया, गोविंदपुरा, लक्ष्मीपुरा, ढिकोलिया, उदयपुरिया, सुथड़ा, मंडालिया, बूंदी, हरदत्तपुरा, रामनगर, श्रीपुरा, रूपपुरा, रघुनाथपुरा, बनेठा, सेदरी, केरोद, रमजानगंज, किशनगंज, चितानी, कुंडेर, सुरेली, ठिकरिया सहित सवाई माधोपुर जिले के पावडेरा गांव के किसानों को सिंचाई के लिए पानी मिलेगा। इन गांवों के हजारों किसान खेती पर निर्भर हैं। नहर में पानी आने से किसानों को अब सिंचाई के लिए निजी जल स्रोतों और अन्य साधनों पर निर्भरता कम होने की उम्मीद है। खासकर उन किसानों को राहत मिलेगी, जिनके खेत नहरों के आसपास स्थित हैं और जो लंबे समय से नहर के पानी का इंतजार कर रहे थे।
नहर में इंजन लगाने और पानी रोकने वालों पर होगी कार्रवाई
सहायक अभियंता राजेश कुमार गुर्जर ने किसानों से नहर के पानी का अनुशासित तरीके से उपयोग करने की अपील की है। उन्होंने स्पष्ट किया कि नहर से अवैध रूप से पानी उठाने के लिए डीजल पंपसेट या इंजन लगाने वाले किसानों के खिलाफ विभागीय एवं कानूनी कार्रवाई की जाएगी। इसके अलावा नहर में ओड़ा लगाकर पानी रोकने, ओडा लगाने अथवा पानी के प्राकृतिक प्रवाह में बाधा उत्पन्न करने वालों के खिलाफ भी सख्त कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने किसानों से कहा कि खेतों में सिंचाई पूरी होने के तुरंत बाद अपने-अपने धोरे (पानी ले जाने वाले नाले) बंद कर दें, ताकि पानी व्यर्थ नहीं बहे और आगे के किसानों तक भी पहुंच सके। उन्होंने विशेष रूप से अंतिम छोर पर स्थित किसानों के हितों को ध्यान में रखते हुए जल वितरण व्यवस्था में सहयोग करने की अपील की।
बजट नहीं मिलने के बावजूद विभाग ने अपने स्तर पर करवाई सफाई
नहरों की सफाई को लेकर सहायक अभियंता ने बताया कि इस वर्ष विभाग को नहरों की सफाई के लिए अलग से बजट उपलब्ध नहीं हुआ है। इसके बावजूद किसानों को सिंचाई के दौरान परेशानी नहीं हो, इसे देखते हुए विभाग ने अपने स्तर पर उपलब्ध संसाधनों से नहर तंत्र की साफ-सफाई करवाई है। गलवा बांध के पास नहर की सफाई करीब एक महीने पहले करवाई गई थी। नहर की कुल लंबाई 107 किलोमीटर होने के कारण पूरी नहर प्रणाली को सुचारू बनाए रखना चुनौतीपूर्ण कार्य है। नहर में काली मिट्टी होने के कारण कई स्थानों पर घास तेजी से उग आती है। इसके बावजूद विभाग ने उपलब्ध संसाधनों से सफाई करवाकर पानी प्रवाहित करने की व्यवस्था की है।
अब टेल तक पानी पहुंचाना होगी विभाग की जिम्मेदारी
गलवा बांध की नहर खुलने के साथ ही अब किसानों की निगाहें नियमित जल वितरण व्यवस्था पर टिकी हैं। किसानों का कहना है कि नहर में पानी आने का वास्तविक लाभ तभी मिलेगा, जब निर्धारित समय पर सभी गांवों और अंतिम छोर तक पानी पहुंचेगा। वहीं विभाग ने भी किसानों से पानी की बर्बादी रोकने और अवैध रूप से पानी नहीं लेने की अपील की है। 13 हजार 391 हेक्टेयर कृषि भूमि में सिंचाई के लक्ष्य को पूरा करने के लिए विभाग और किसानों के बीच बेहतर समन्वय जरूरी है। नहरों में पानी का प्रवाह सुचारू रहने से रबी की फसलों को समय पर सिंचाई मिल सकेगी और क्षेत्र के कृषि उत्पादन को भी मजबूती मिलने की उम्मीद है।

