उनियारा
उनियारा शहर सहित ग्रामीण क्षेत्र में देवउठनी एकादशी (देवउठनी ग्यारस) का पर्व श्रद्धा और पारंपरिक उल्लास के साथ मनाया गया। शुक्रवार को पर्व के अवसर पर शहर के प्रमुख मंदिरों में सुबह से ही श्रद्धालुओं की आवाजाही बनी रही। वहीं शनिवार को भी शहर में कई स्थानों पर दूसरे दिन देवउठनी ग्यारस मनाई गई। अलग-अलग परंपराओं के अनुसार दो दिन तक चले धार्मिक आयोजनों के बीच शनिवार को शादी-विवाह समारोहों की भी धूम रही। देवउठनी एकादशी के साथ ही चार माह से स्थगित मांगलिक कार्यों की शुरुआत होने से विवाह समारोहों और बैंड-बाजा व्यवसाय से जुड़े लोगों में खासा उत्साह देखने को मिला। शहर के श्रीराम रघुनाथजी मंदिर, श्री चारभुजानाथ मंदिर, सत्यनारायणजी मंदिर, श्री प्याल के बालाजी मंदिर और छप्पनजी महाराज मंदिर सहित अन्य धार्मिक स्थलों पर भगवान की विशेष पूजा-अर्चना और श्रृंगार किया गया। भगवान को नवीन पोशाक धारण करवाकर आकर्षक झांकियां सजाई गईं तथा विभिन्न पकवानों का भोग लगाकर श्रद्धालुओं में प्रसादी वितरित की गई। दिनभर मंदिरों में दर्शनार्थियों का तांता लगा रहा। श्रद्धालुओं ने भगवान के दर्शन कर परिवार की सुख-समृद्धि और खुशहाली की कामना की।
श्री चारभुजानाथ मंदिर के पुजारी रामप्रसाद शर्मा एवं श्रीराम रघुनाथजी मंदिर के पुजारी अमित भारद्वाज ने बताया कि देवउठनी एकादशी पर भगवान की विशेष पूजा-अर्चना और श्रृंगार किया गया। धार्मिक मान्यता के अनुसार इस दिन भगवान विष्णु चार माह की योगनिद्रा से जागते हैं। इसी के साथ विवाह, गृह प्रवेश सहित अन्य मांगलिक कार्यों की शुरुआत होती है। घरों में भी महिलाओं ने पारंपरिक विधि-विधान से पूजा-अर्चना की। घरों के बाहर घी के दीपक जलाकर गन्ने के साथ बेर, मूंगफली, पूए, पकौड़ी और मिठाइयां रखकर देवताओं की पूजा की गई। महिलाओं ने पारंपरिक गीत ‘उठो देव, बैठो देव, पलटी फटकारो देव’ गाते हुए विधि-विधान से देव उठाए और परिवार में सुख-शांति एवं समृद्धि की कामना की।
इस बार देवउठनी एकादशी का पर्व अलग-अलग दिनों में मनाए जाने के कारण बाजार में गन्ने की बिक्री प्रभावित रही। आमतौर पर इस अवसर पर ग्रामीण क्षेत्रों से व्यापारी गन्ने की बिक्री के लिए उनियारा पहुंचते हैं और बाजार में अच्छी चहल-पहल रहती है, लेकिन इस बार ग्रामीण व्यापारी गन्ने की बिक्री के लिए नहीं पहुंचे। हालांकि शनिवार को भी कई घरों में देवउठनी ग्यारस मनाई गई। देवउठनी एकादशी के साथ ही विवाह समारोहों का सीजन शुरू होने से बैंड-बाजा व्यवसाय से जुड़े लोगों में भी उत्साह नजर आया। शादी-विवाह के कार्यक्रमों में बैंड बजाने के लिए उनियारा के बैंड संचालक और कलाकार शनिवार सुबह जयपुर रवाना हुए। नगर पालिका वार्ड नंबर 7 के पार्षद विजय महावर के नेतृत्व में बैंड-बाजा कलाकार जयपुर में आयोजित विवाह समारोहों में अपनी सेवाएं देने पहुंचे। पार्षद विजय महावर ने बताया कि चार माह से मांगलिक कार्यक्रम बंद होने के कारण बैंड-बाजा व्यवसाय भी प्रभावित था। अब देवउठनी एकादशी के साथ विवाह समारोह शुरू होने से कलाकारों को काम मिलने लगा है। शनिवार को शहर में कई स्थानों पर शादी-विवाह के आयोजन हुए, जिससे बाजार और समारोह स्थलों पर रौनक देखने को मिली।

