उनियारा।
शहर में बंदरों के बढ़ते आतंक ने आमजन की परेशानी बढ़ा दी है। बंदरों के झुंड आए दिन घरों की छतों, आंगन और मकानों में घुसकर उत्पात मचा रहे हैं। घरों में रखा सामान उठाकर ले जाने के साथ ही तोड़फोड़ करने की घटनाएं सामने आ रही हैं। वहीं छोटे बच्चों को डराने और उन पर हमला करने के लिए दौड़ने की घटनाओं से अभिभावकों में भी भय का माहौल बना हुआ है। स्थिति यह है कि लोगों को घरों की छतों और आंगन में भी सतर्क रहना पड़ रहा है।
शहर के वार्ड संख्या 11 एवं 12 में बंदरों की समस्या अधिक बनी हुई है। यहां पुरानी बालिका विद्यालय के क्षतिग्रस्त भवन में बंदरों ने अपना डेरा जमा रखा है। इस भवन में बड़ी संख्या में बंदरों के रहने के कारण वे आसपास के मकानों में पहुंचकर लोगों को परेशान कर रहे हैं। बंदरों के झुंड घरों में घुसकर खाद्य सामग्री और अन्य सामान उठा ले जाते हैं। कई बार सामान को नुकसान पहुंचाने के साथ ही लोगों को डराने और काटने के लिए दौड़ने की घटनाएं भी हो चुकी हैं। इससे विशेष रूप से छोटे बच्चों और बुजुर्गों की सुरक्षा को लेकर परिवार चिंतित हैं।
इस समस्या को लेकर पार्षद संदीप गुप्ता एवं जनप्रतिनिधि लोकेश खिंची ने नगर पालिका अध्यक्ष नरेश गुर्जर एवं अधिशाषी अधिकारी विष्णु यादव को ज्ञापन सौंपकर बंदरों के आतंक से शहरवासियों को राहत दिलाने की मांग की है। ज्ञापन में बताया कि पुरानी बालिका विद्यालय के क्षतिग्रस्त भवन में बंदरों का जमावड़ा रहने से आसपास के मोहल्लों में लगातार परेशानी बनी हुई है। बंदरों के कारण लोगों का घरों में सामान्य रूप से रहना भी मुश्किल हो रहा है। विशेषकर बच्चों को घरों के बाहर खेलने में डर लगने लगा है।
पार्षदों ने पालिका प्रशासन से मांग की है कि मामले को गंभीरता से लेते हुए बंदरों को पकड़ने के लिए शीघ्र विशेष अभियान चलाया जाए। इसके तहत बंदरों को सुरक्षित तरीके से पकड़वाकर शहर की आबादी से दूर जंगल में छुड़वाने की व्यवस्था की जाए, ताकि लोगों को आए दिन होने वाली परेशानियों और संभावित दुर्घटनाओं से निजात मिल सके। उन्होंने कहा कि समय रहते समस्या का समाधान नहीं किया गया तो बंदरों के कारण किसी बड़ी दुर्घटना की आशंका बनी रहेगी।