उनियारा तहसील की ग्राम पंचायत बोसरिया में नवनिर्वाचित सरपंच पूजा बैरवा के पंचायत कार्यालय पहुंचने पर ग्रामीणों की ओर से स्वागत समारोह आयोजित किया गया। इस दौरान ग्रामीणों ने फूल-मालाओं से उनका स्वागत कर नए कार्यकाल की शुभकामनाएं दीं। सरपंच पूजा बैरवा के स्वागत को लेकर ग्रामीणों में खासा उत्साह देखने को मिला।
गौरतलब है कि नवनिर्वाचित सरपंच पूजा बैरवा एमएससी एवं बीएड तक उच्च शिक्षा प्राप्त हैं। उच्च शिक्षित महिला के ग्राम पंचायत की कमान संभालने से ग्रामीणों में विकास को लेकर नई उम्मीद जगी है। ग्रामीणों का मानना है कि शिक्षित नेतृत्व से पंचायत क्षेत्र की समस्याओं को समझने, योजनाओं के बेहतर क्रियान्वयन और विकास कार्यों को गति देने में मदद मिलेगी।

इस अवसर पर ग्रामीणों ने पंचायत क्षेत्र में सड़क, पेयजल, सफाई, नाली निर्माण सहित मूलभूत सुविधाओं को बेहतर बनाने की अपेक्षा जताई। साथ ही कहा कि गांव के विकास में सभी ग्रामीणों की सहभागिता जरूरी है। नवनिर्वाचित सरपंच से ग्रामीणों को उम्मीद है कि वे सभी वर्गों को साथ लेकर पंचायत क्षेत्र के विकास को प्राथमिकता देंगी और आमजन की समस्याओं का समाधान करवाने के लिए सक्रिय भूमिका निभाएंगी। इस अवसर पर उपसरपंच अनिता जाट, फोरनती देवी, हनुमान सहित सभी वार्ड पंच तथा लादू लाल बैरवा, राजाराम चौधरी, विष्णु जांगिड़, रामराय जांगिड़, शैलेश शर्मा, मायाराम चौधरी, रमेश भील, नरेंद्र बैरवा, रामनारायण गुर्जर, मनोज मीणा एवं सीताराम मीणा सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण मौजूद रहे।