उनियारा
शहर के सवाई माधोपुर रोड स्थित राजकीय महाविद्यालय के सामने निर्धारित रोडवेज बस स्टॉप पर बसों का नियमित ठहराव नहीं होने से विद्यार्थियों और कॉलेज स्टाफ को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। शनिवार को इसी समस्या को लेकर कॉलेज प्राचार्य एवं सहायक आचार्य की बारां डिपो की रोडवेज बस के चालक से कहासुनी हो गई। कॉलेज प्रशासन ने चालक पर प्राचार्य एवं सहायक आचार्य के साथ अभद्र व्यवहार करने का आरोप लगाते हुए रोडवेज विभाग के उच्चाधिकारियों से कार्रवाई की मांग की है। वहीं, मौके पर पहुंचे पुलिसकर्मी के व्यवहार पर भी कॉलेज प्रशासन ने आपत्ति जताई है।
महाविद्यालय प्रशासन की ओर से जारी प्रेस नोट के अनुसार शनिवार सुबह करीब 10 बजे बारां डिपो की रोडवेज बस उनियारा पहुंची। इस दौरान राजकीय महाविद्यालय के सामने निर्धारित स्टॉपेज पर बस नहीं रोकने को लेकर प्राचार्य डॉ. पानमल पहाड़िया एवं एक सहायक आचार्य ने चालक से बात की। आरोप है कि चालक सत्यनारायण धोबी ने बस रोकने से इनकार करते हुए दोनों के साथ अभद्र एवं अशोभनीय व्यवहार किया। इससे मौके पर विवाद की स्थिति बन गई।
कॉलेज प्रशासन का कहना है कि महाविद्यालय के सामने निर्धारित बस स्टॉपेज विद्यार्थियों के साथ आमजन के लिए भी महत्वपूर्ण है। इसके आसपास राजकीय चिकित्सालय, कृषि मंडी, छात्रावास, संस्कृत विद्यालय, पशु चिकित्सालय और जलदाय विभाग का कार्यालय संचालित हैं। ऐसे में यहां बसों का ठहराव आवश्यक है। बसें नहीं रुकने से विद्यार्थियों और विभिन्न संस्थानों में आने-जाने वाले लोगों को परेशानी होती है।
बसों का ठहराव सुनिश्चित करवाने के लिए कॉलेज स्टाफ ने कई बार पहल की। यहां तक कि कर्मचारियों ने अलीगढ़ तक का टिकट लेना भी शुरू किया, ताकि बस को कॉलेज के सामने निर्धारित स्टॉपेज पर रुकवाया जा सके। इसके बावजूद समस्या का स्थायी समाधान नहीं हुआ।
महाविद्यालय प्रशासन के अनुसार विवाद की सूचना पर सामने स्थित पुलिस थाने से एक पुलिसकर्मी मौके पर पहुंचा। आरोप है कि पुलिसकर्मी ने पूरी जानकारी लिए बिना ही प्राचार्य से तू-तड़ाक की भाषा में बात की और चालक का पक्ष लेते हुए असम्मानजनक व्यवहार किया। कॉलेज प्रशासन ने परिचालक के व्यवहार को लेकर कोई शिकायत नहीं की है। उसका कहना है कि परिचालक बस को निर्धारित स्टॉपेज पर रोकने के लिए तैयार था। बाद में बस निर्धारित स्थान पर रुक गई।
घटनाक्रम के बाद दोनों पक्षों को थाने ले जाया गया, जहां बातचीत में कॉलेज के सामने निर्धारित बस स्टॉपेज होने की बात स्पष्ट हुई। इसके बाद महाविद्यालय प्रशासन ने रोडवेज विभाग के उच्चाधिकारियों से सभी बस चालकों को निर्धारित स्टॉपेज पर बस रोकने के निर्देश जारी करने की मांग की है। साथ ही पुलिसकर्मी के कथित अभद्र व्यवहार की जांच करवाकर उचित कार्रवाई करने की अपेक्षा जताई है।