उनियारा





उनियारा तहसील क्षेत्र की नवगठित ग्राम पंचायत महाराज कंवरपुरा में पहली बार सरपंच निर्वाचित होने पर स्वाती मालीवाल का ग्रामीणों की ओर से भव्य स्वागत एवं अभिनंदन किया गया। चुनाव में जीत हासिल करने के बाद गांव पहुंचने पर ग्रामीणों ने उत्साह और उमंग के साथ विजय जुलूस निकाला। जुलूस के दौरान ग्रामीणों ने जगह-जगह फूल-मालाओं से नवनिर्वाचित सरपंच स्वाती मालीवाल का स्वागत किया तथा मिठाई खिलाकर जीत की बधाई दी। वहीं सुखोदय तीर्थ क्षेत्र सूथड़ा के पदाधिकारियों ने भी मंदिर परिसर में
नवनिर्वाचित सरपंच स्वाती मालीवाल का भी भव्य स्वागत किया। वहीं नई ग्राम पंचायत के गठन के बाद पहली बार सरपंच निर्वाचित होने से ग्रामीणों में विशेष उत्साह और खुशी का माहौल देखने को मिला।
विजय जुलूस में बड़ी संख्या में ग्रामीणों ने भाग लिया। गांव में विभिन्न स्थानों पर सरपंच का स्वागत कर ग्रामीणों ने उनका अभिनंदन किया। इस दौरान ग्रामीणों ने ग्राम पंचायत के विकास और गांव की मूलभूत समस्याओं के समाधान को लेकर उनसे उम्मीदें जताईं। ग्रामीणों का कहना था कि नई ग्राम पंचायत बनने के बाद अब गांव के विकास कार्यों को गति मिलने की उम्मीद है।
इस अवसर पर नवनिर्वाचित सरपंच स्वाती मालीवाल ने ग्रामीणों का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि महाराज कंवरपुरा ग्राम पंचायत की पहली सरपंच बनने का अवसर मिलना उनके लिए गर्व और सम्मान की बात है। यह जीत केवल उनकी व्यक्तिगत जीत नहीं, बल्कि पूरे गांव के लोगों के विश्वास, सहयोग और आशीर्वाद का परिणाम है। उन्होंने कहा कि वे ग्रामीणों की उम्मीदों पर खरा उतरने के लिए पूरी निष्ठा और ईमानदारी से कार्य करेंगी। पंचायत क्षेत्र में सड़क, नाली, पेयजल, बिजली, सफाई सहित आवश्यक मूलभूत सुविधाओं को प्राथमिकता के आधार पर पूरा करवाने का प्रयास किया जाएगा।
उन्होंने कहा कि पंचायत के विकास में किसी प्रकार का भेदभाव नहीं किया जाएगा। सभी वार्डों और गांव के प्रत्येक परिवार की समस्याओं को सुनकर उनका समाधान करवाना उनकी प्राथमिकता रहेगी। सरकारी योजनाओं का लाभ पात्र लोगों तक पहुंचाने तथा गांव को विकास की दिशा में आगे बढ़ाने के लिए ग्रामीणों के साथ मिलकर काम किया जाएगा। उन्होंने ग्रामीणों से भी पंचायत के विकास कार्यों में सहयोग करने की अपील की।
स्वागत कार्यक्रम में राजेश सैनी, रामावतार सैनी, संतू जैन, सुनील माधीवाल, अनिल, सुनील, सत्यनारायण, सुरेश सैनी सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण मौजूद रहे।