उनियारा
शहर में सड़क निर्माण के दौरान गुणवत्ता के मापदंडों की अनदेखी का खामियाजा अब आमजन को भुगतना पड़ रहा है। शहर के बस स्टैंड के पास बालाजी मंदिर और दो जैन नसियां की ओर जाने वाली सीसी सड़क की हालत बदहाल हो चुकी है। सड़क पर जगह-जगह गहरे गड्ढे हो गए हैं तथा कंक्रीट उखड़ने से गिट्टियां बाहर निकल आई हैं। ऐसे में इस मार्ग से गुजरने वाले श्रद्धालुओं, विद्यार्थियों, ग्रामीणों और वाहन चालकों को रोजाना परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। सड़क की स्थिति इतनी खराब है कि लोगों का पैदल चलना भी मुश्किल हो गया है।
जानकारी के अनुसार नगर पालिका की ओर से करीब पांच-छह साल पहले इस मार्ग पर सीसी सड़क का निर्माण करवाया गया था। निर्माण के दौरान निर्धारित मापदंडों के अनुसार सामग्री का उपयोग नहीं किए जाने के आरोप हैं। इसके चलते सड़क कुछ ही वर्षों में क्षतिग्रस्त होने लगी। वर्तमान में सड़क की ऊपरी परत जगह-जगह से उखड़ चुकी है। कंक्रीट निकलने के कारण बड़े-बड़े गड्ढे बन गए हैं और सड़क पर गिट्टियां बिखरी पड़ी हैं। इससे निर्माण कार्य की गुणवत्ता को लेकर भी सवाल खड़े हो रहे हैं।
इस मार्ग पर मेले के बालाजी मंदिर, आदिनाथ जैन नसियां, नेमीनाथ जैन नसियां, कुंड वाले बाबा स्थल, सरस्वती मंदिर, निजी महाविद्यालय और खंडेलवाल धर्मशाला स्थित हैं। इसके अलावा आसपास के खेतों की ओर जाने वाले ग्रामीण भी इसी रास्ते का उपयोग करते हैं। प्रतिदिन बड़ी संख्या में श्रद्धालु, विद्यार्थी और आमजन यहां से आवागमन करते हैं। विशेष रूप से जैन नसियों और अन्य धार्मिक स्थलों पर दर्शन के लिए नंगे पैर जाने वाले श्रद्धालुओं को सड़क पर बिखरी गिट्टियों और निकली हुई कंक्रीट के कारण काफी परेशानी उठानी पड़ती है।