उनियारा/ निर्मल गुप्ता
भारतीय किसान संघ टोंक की उनियारा एवं नगरफोर्ट तहसील की संयुक्त बैठक रविवार को ग्राम रानीपुरा में प्रभुलाल मीणा के आवास पर जिलाध्यक्ष रमेशचंद जाट की अध्यक्षता में आयोजित हुई। बैठक में क्षेत्र की नहरों की मरम्मत, सफाई, रखरखाव और आगामी सिंचाई के लिए पानी छोड़ने की तैयारियों को लेकर विस्तार से चर्चा की गई। इस दौरान नहरों की मरम्मत में बरती जा रही लापरवाही को लेकर किसान संघ के पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं ने नाराजगी जताई। उन्होंने कहा कि सिंचाई के लिए पानी छोड़ने से पहले नहरों की समुचित मरम्मत और सफाई करवाना जरूरी है, ताकि किसानों को बिना किसी परेशानी के अंतिम छोर तक पानी मिल सके।
बैठक में जिला कलेक्टर टोंक को 5 सितंबर 2026 को नहरों की मरम्मत एवं पानी छोड़ने के संबंध में दिए गए ज्ञापन की समीक्षा की गई। कार्यकर्ताओं ने बताया कि दाईं मुख्य नहर की मरम्मत का कार्य अभी तक पूरा नहीं हुआ है। सिंचाई विभाग की ओर से मरम्मत के नाम पर केवल औपचारिकता निभाई जा रही है। नहरों की स्थिति में अपेक्षित सुधार नहीं होने से किसानों में चिंता बनी हुई है। उनका कहना था कि यदि पानी छोड़ने से पहले नहरों की मरम्मत और सफाई का कार्य पूरा नहीं किया गया तो पानी का बहाव शुरू होने पर जगह-जगह रिसाव होने, नहरों के क्षतिग्रस्त होने और पानी की बर्बादी होने की आशंका रहेगी। इससे नहरों के अंतिम छोर तक पर्याप्त पानी पहुंचना मुश्किल हो सकता है।
निरीक्षण में सामने आएगी नहरों की वास्तविक स्थिति
भारतीय किसान संघ ने जिला प्रशासन से मांग की कि सभी तहसीलों के उपखंड अधिकारियों (एसडीओ) के माध्यम से संबंधित नहरों का तत्काल भौतिक निरीक्षण करवाया जाए। निरीक्षण के दौरान नहरों की सफाई, मरम्मत, टूट-फूट और पानी के सुचारू प्रवाह की स्थिति की जांच की जाए। जहां भी मरम्मत कार्य अधूरा या गुणवत्ताहीन पाया जाए, वहां संबंधित विभाग के अधिकारियों से तत्काल सुधार कार्य करवाया जाए। संघ ने कहा कि नहरों की मरम्मत में किसी प्रकार की लापरवाही नहीं होनी चाहिए। साथ ही जिम्मेदार अधिकारियों की जवाबदेही तय कर आवश्यक कार्रवाई की जाए, ताकि सिंचाई के समय किसानों को परेशानियों का सामना नहीं करना पड़े।
बीसलपुर नहर में पानी छोड़ने की स्वीकृति पर जताया आभार
जिला महामंत्री विनय सिंह ताखर ने बताया कि भारतीय किसान संघ की ओर से पूर्व में बीसलपुर नहर की सफाई, मरम्मत एवं सिंचाई के लिए पानी छोड़ने के संबंध में जिला प्रशासन को ज्ञापन दिया गया था। इस पर सकारात्मक निर्णय लेते हुए नहरों में पानी छोड़ने की स्वीकृति देने के लिए उन्होंने टोंक जिला प्रशासन का आभार जताया। उन्होंने कहा कि पानी छोड़ने की स्वीकृति मिलने के बाद अब सबसे महत्वपूर्ण जिम्मेदारी नहरों की मरम्मत और सफाई सुनिश्चित करने की है। यदि नहरें दुरुस्त नहीं होंगी तो पानी छोड़ने का किसानों को पूरा लाभ नहीं मिल पाएगा। इसलिए विभाग को समय रहते सभी आवश्यक कार्य पूरे करवाने चाहिए।
किसानों को अंतिम छोर तक पानी पहुंचाने पर जोर
बैठक में वक्ताओं ने कहा कि क्षेत्र के अधिकांश किसान सिंचाई के लिए नहरों पर निर्भर हैं। ऐसे में नहरों की बदहाल स्थिति का सीधा असर किसानों की फसलों और कृषि उत्पादन पर पड़ सकता है। समय पर मरम्मत नहीं होने से पानी की बर्बादी के साथ किसानों के बीच सिंचाई पानी को लेकर विवाद की स्थिति भी बन सकती है। इसलिए प्रशासन और सिंचाई विभाग को किसानों की समस्या को गंभीरता से लेते हुए पानी छोड़ने से पहले सभी नहरों की स्थिति दुरुस्त करवानी चाहिए।
बैठक में जिला महामंत्री विनय सिंह ताखर, जिला उपाध्यक्ष प्रभुलाल मीणा एवं देवकरण चौधरी, प्रांत प्रतिनिधि रामस्वरूप धाकड़, बीज प्रमुख सूरज करण फगोड़िया, तहसील मंत्री लक्ष्मीनारायण बराला, राधाकिशन धाकड़, रामफूल गुर्जर, रामदयाल बराला और टीकाराम मीणा सहित भारतीय किसान संघ के अनेक पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
